मधुबन कोल वाशरी के रिनोवेशन की जरुरत : संयुक्त मोर्चा

0
fastlive news

बाघमारा। बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र के मधुबन कोल वाशरी की जर्जर स्थिति और लगातार प्रभावित हो रहे उत्पादन को लेकर संयुक्त मोर्चा के क्षेत्रीय नेताओं ने बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी), पीएंडपी को ज्ञापन सौंपकर वाशरी के शीघ्र रिनोवेशन की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले लगभग 12 वर्षों से रिनोवेशन के नाम पर आवश्यक बजट और संसाधनों की कमी के कारण वाशरी की स्थिति लगातार बदतर होती चली गई है। ऐसे में पूर्ण रिनोवेशन होने तक वाशरी को बंद होने से बचाने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है।

संयुक्त मोर्चा ने कहा है कि आवश्यक कल पुर्जों की खरीद, पुराने उपकरणों के प्रतिस्थापन और समय पर मरम्मत नहीं होने से पिछले करीब एक वर्ष से कोयला धुलाई एवं उत्पादन बुरी तरह प्रभावित है। हालांकि, संयुक्त मोर्चा और वाशरी के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से सीमित संसाधनों के बावजूद हाल के दिनों में प्रतिदिन लगभग 300 से 400 टन कोयला रिसीव कर प्रोसेस किया जा रहा है। लेकिन इस व्यवस्था को लंबे समय तक बनाए रखना संभव नहीं है। ज्ञापन में वाशरी की पांच प्रमुख समस्याओं को उठाया गया है। इनमें आवश्यक कल-पुर्जों एवं सामग्री की कमी, कर्मचारियों की कमी, वाशरी परिसर में लगातार हो रही चोरी, बटक जिग मशीन एवं गेट की खराब स्थिति तथा क्रशर की बदहाल स्थिति शामिल हैं। विशेष रूप से रोलर, प्रोटोनिक कार्ड, लूसिफर सहित अन्य जरूरी कल पुर्जों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संयुक्त मोर्चा ने वाशरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी की नियुक्ति की मांग भी की है। वही एबीओसीपी माइंस से आपूर्ति किए जा रहे कच्चे कोयले में बड़ी मात्रा में पत्थर और भारी अशुद्धियां मिलने पर चिंता जताई गई है। इससे क्रशर सहित अन्य मशीनों में बार-बार खराबी आ रही है। मोर्चा ने बेहतर गुणवत्ता वाला रॉ कोल उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से प्रबंधन से मांग की गई है कि मधुबन कोल वाशरी को उसकी निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालित करने के लिए पर्याप्त बजट, सामग्री, कल-पुर्जे, मैनपावर, गुणवत्तापूर्ण कोयला और समुचित सुरक्षा व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराई जाए। संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो वाशरी का संचालन और अधिक प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में यूसीडब्ल्यूयू के जगदीश साव, डीसीकेएस के जगदीश केवट, जेएमएस के परमेश्वर मांझी, आरसीएमयू के अजय कुमार एवं केआईएमपी के विनोद महतो शामिल थे।

Share.

About Author

Leave A Reply

Translate »
error: Content is protected !!
Latest news