
:: घटना में एक की हालत गंभीर
Dhanbad : धनबाद शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले पुराना बाजार टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित डॉ आरसी हाजरा क्लिनिक एंड नर्सिंग हाेम में शुक्रवार की देर रात भीषण आग लगी की घटना घटी। इस आगलगी की घटना में डॉ विकास हाजरा, उनकी पत्नी सहित पांच लोगों की मौत हो जाने से पूरा धनबाद दुःखी एवं मर्माहत है। इस हृदयविदारक घटना में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें डॉ विकास हाजरा (62) उनकी पत्नी डॉ प्रेमा हाजरा (56), कोलकाता से आये भांजा सोहम खमारू (30), गांव से आये रिश्तेदार शंभु सिंघों (32) व घर में मेड का काम करने वाली तारा मंडल (70) की मौत हो गयी। इसके अलावा गांव से आये एक अन्य रिश्तेदार सुनील मंडल इस हादसे का शिकार हुऐ हैं। जिसे गंभीर स्थिति में जोड़ाफाटक रोड स्थित पाटलीपुत्र नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
:: ये बताया जा रहा है घटना का कारण
धनबाद में शुक्रवार की रात करीब दो बजे डॉ आरसी हाजरा क्लिनिक एंड नर्सिंग होम स्थित डॉ विकास हाजरा के आवासीय परिसर के नीचे गोदाम में आग लगी की घटना घटी। गोदाम के ठीक ऊपर डॉ विकास हाजरा अपनी पत्नी सहित परिवार के साथ रहते थे। देर रात आग की लपटें खिड़कियों से बाहर निकलता देख सुरक्षा में तैनात गार्ड पहले तो आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन धुआं ज्यादा होने के कारण वे घर के ऊपरी मंजिल में नहीं घुस पाये। भयंकर आग की स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गयी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के अधिकारी खिड़की की शीशा तोड़ कर अंदर घुसे। इसके पूर्व ही आग का धुंआ पूरे कमरा में समा गया था। जहां चिकित्सक दंपति रहते थे। इसी अंदाजा को लेकर दमकल विभाग के कर्मियों का मानना है कि आग शॉट सर्किट से लगी। इससे गोदाम में रखा सामान जलने लगा। जिससे धुआं पूरे घर में फैल गया। धीरे-धीरे आग आगे बढ़ने लगी। जिससे चिकित्सक दंपति सहित अन्य लोग धुंआ की चपेट मे आ गया होगा जिससे दम घुटने से सभी लोगों की मौत हो गई होगी।
:: घटना में कोशिश रहा नाकाम
आगलगी की घटना में मौके पर मौजुद सुरक्षा गार्ड आग को बुझाने का कोशिश तो किए लेकिन पूरी तरह से नाकाम रहे। इसी दौरान आगलगी की सूचना बैंक मोड़ पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और बैंक मोड़ पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन इसके पूर्व ही घटना स्थल पर मौजुद हाजरा दंपत्ति सहित पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं सुनील गंभीर अवस्था में पड़ा हुआ था। घटना के बाद पांचों लोगों के शव को सुबह पांच बजे के आसपास निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को एसएनएमएमसीएच भेज दिया। यहां डॉ विकास हाजरा और प्रेरणा हाजरा के शव को इमरजेंसी में रखा गया। जबकि अन्य तीनों को फ्रिजर में रख दिया गया।
:: अस्पताल में नहीं रेसिडेंसियल में हुई घटना : सिविल सर्जन
जानकारी मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंचे सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि आग लगी की घटना रात 1:30 से 2:00 बजे के बीच है। दम घुटने से पांच लोगों की मौत हुई है। संभव है गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है. फायर उपकरण भी है, लेकिन उसका उपयोग नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि क्लिनिकल इस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत अस्पताल रजिस्टर्ड है।
:: आवासीय इलाके में हुई घटना, मरीजों को कोई नुकसान नहीं
सिविल सर्जन ने कहा कि क्लीनिक और रेसिडेंस दोनों अलग-अलग हैं। आवासीय इलाके में घटना हुई है । मरीजों को किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई। अंतिम बार अस्पताल का निरीक्षण कब किया गया है, इस सवाल पर सिविल सर्जन ने कहा कि यह कागज देखने के बाद ही पता चलेगा कि अंतिम सर्वे कब किया गया।
:: घटना के समय रीता हाजरा कर रहीं थीं पूजा
डॉ आरसी हाजरा क्लिनिक एंड नर्सिंग हाेम में जब आग लगी, तब डॉ विकास हाजरा की बहन डॉ रीता हाजरा पूजा कर रहीं थी. नर्सिंग होम की एक नर्स ने आग लगने की सूचना डॉ रीता हाजरा को दी. इसके बाद डॉ रीता हाजरा ने सबसे पहले नर्सिंग होम में भर्ती मरीजों को निकालने को कहा. नर्सिंग होम के सभी स्टाफ वार्ड में भर्ती मरीजों को निकालने में जुट गये. मरीजों को वार्ड से निकाल डॉ विकास हाजरा, प्रेरणा हाजरा के चेंबर में शिफ्ट कर दिया। अगलगी की घटना के समय 17 मरीज भर्ती थे
:: शुक्रवार को 9 बजे रात तक हुआ था हवन
सरस्वती पूजा के समापन के पश्चात डॉ विकास हाजरा के घर में शुक्रवार की शाम हवन पूर्णहूति का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे हवन का कार्यक्रम शुरू हुआ. वही रात 9 बजे तक कार्यक्रम चला। सभी के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद डॉ विकास हाजरा, डॉ प्रेरणा हाजरा अपने कमरे की ओर चली गई। रात 11.30 बजे के करीब डॉ प्रेमा हाजरा मरीजों को देखने वापस नींचे उतरी थी। एक मरीज की डिलीवरी कराकर वो अपने कमरे में वापस लौट गई थी।
:: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना में दुःख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करके इस हृदयविदारक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती डॉ विकास और डॉ प्रेमा हाजरा समेत कुल 5 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
:: बन्ना गुप्ता ने डिसी को दिया कार्रवाई का निर्देश
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने धनबाद के उपायुक्त को कार्रवाई का निर्देश दिया है। बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर कहा है कि धनबाद के उपायुक्त मामले में संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाई करें। घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था हो। चिकित्सकों समेत अन्य मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
:: हृदय को व्यथित करने वाली घटना : सांसद
सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि यह हृदय को व्यथित करने वाली घटना है। मैं परिवार को व्यक्तिगत तौर पर जानता था। घटना की सूचना मिलने के बाद मैं खुद को यहां आने रोक नहीं सका। ईश्वर परिवार के अन्य सदस्यों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।