
बाघमारा। दूसरों की तस्वीरों में रंग भरने वाले चित्रकार अनूप जी की अपनी जिंदगी अभावों के बीच गुजर गई। स्वाभिमान के साथ जीवन जीने वाले अनूप जी का एक सपना था कि उन्हें भी अपना एक पक्का आशियाना मिले। इसके लिए उन्होंने कई वर्षों तक बाघमारा प्रखंड प्रशासन से लेकर धनबाद जिला प्रशासन तक गुहार लगाई। जिले और प्रखंड के कई पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न जनप्रतिनिधियों से भी विभिन्न आवास योजनाओं के तहत एक घर दिलाने की मांग की, लेकिन अफसोस कि उनका यह सपना जीते-जी पूरा नहीं हो सका।
थर्ड जेंडर समुदाय से जुड़े अनूप जी मूल रूप से कतरास के निवासी थे। उन्होंने अपना अधिकांश जीवन बाघमारा क्षेत्र में बिताया। हरिणा बस्ती स्थित गौरी धाम के समीप सामुदायिक भवन में रहकर उन्होंने अपनी जिंदगी गुजारी। आर्थिक तंगी और आवास जैसी बुनियादी जरूरतों के बावजूद उन्होंने कभी किसी के सामने हाथ नहीं फैलाया। अपनी चित्रकारी की कला और मेहनत के दम पर जीवनयापन करते रहे।
कहते हैं कि सरकार जरूरतमंदों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाती है। सरकारी विभिन्न आवास योजनाओं का उद्देश्य भी गरीब और बेघर परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। लेकिन अनूप जी की जिंदगी इस व्यवस्था पर कई सवाल छोड़ गई। वर्षों तक आवेदन, आग्रह और जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से उम्मीद लगाने के बावजूद उन्हें अपने लिए एक सरकारी आवास नहीं मिल सका। न तो उनकी फरियाद प्रशासनिक स्तर पर पूरी हुई और न ही किसी जनप्रतिनिधि की पहल उनके सपने को साकार कर सकी।

विडंबना देखिए कि जिन अनूप जी ने अपनी पूरी जिंदगी स्वाभिमान के साथ गुजारी, उन्हें अंतिम समय तक अपने सिर पर एक स्थायी छत नसीब नहीं हुई। उन्हें जो सहारा मिला, वह आम लोगों की संवेदनशीलता और अपनी कला एवं मेहनत से मिली कमाई थी। उनके जीवन में आम जनता का सहयोग ही सबसे बड़ा संबल बना रहा।
सोमवार को अनूप जी का निधन हो गया और मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हरिणा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला रवानी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखने से लेकर अंतिम संस्कार तक की व्यवस्था में सहयोग किया।
अनूप जी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन अपने पीछे एक ऐसा सवाल छोड़ गए हैं, जिसका जवाब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को देना चाहिए। आखिर वर्षों तक सरकारी आवास के लिए गुहार लगाने वाले एक जरूरतमंद व्यक्ति को जीते-जी अपना आशियाना क्यों नहीं मिल सका? योजनाएं कागजों पर जरूरतमंदों तक पहुंचने का दावा करती रहीं, लेकिन अनूप जी की उम्मीदें पूरी होने से पहले ही जिंदगी ने उनका साथ छोड़ दिया।
दूसरों की तस्वीरों में रंग भरने वाले अनूप जी की अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सपना एक अदद छत था, लेकिन अफसोस कि उनका यह सपना अधूरा ही रह गया।