
बाघमारा : 15 सूत्री मांगों को लेकर 9वें दिन मंगलवार को बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समक्ष सहियाओं का हड़ताल व धरना जारी रहा। झारखंड प्रदेश स्वास्थ्य सहिया संघ के बैनर तले जारी धरना के दौरान संघ के बाघमारा प्रखंड अध्यक्ष अनिता देवी ने कहा कि 23 जनवरी से सहियाओं का हड़ताल व धरना निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सहियाओं की मांगों को राज्य सरकार नजरअंदाज कर रही है। सहियाओं की मांग है कि उन्हें भी राज्य कर्मी का दर्जा मिलें साथ ही फिक्स मासिक प्रोत्साहन राशि मानदेय 18 हजार रुपये दिया जाए। कार्य दिवस 30 दिनों कर मानदेय 24 हजार रुपये देने के साथ ईपीएफ व पेंशन का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार नहीं मानती है तो सहियाओं का अनिश्चित कालीन हड़ताल जारी रहेगा। मालूम रहे कि सहियाओं के हड़ताल में जाने से टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का प्रसव कार्य समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं बाधित हो रही है। धरना में बसंती देवी, प्रमिला कुमारी, अंजू गुप्ता, पिंकी देवी, शोभा देवी, सीता देवी,निशा देवी,बबिता देवी ,
चमेली देवी , किरण देवी, आदि मौजूद थी।
:: सहिया की मांग को जदयू ने बताया सही
इस मामले में जदयू बाघमारा प्रखंड के अध्यक्ष गोपाल चंद्र गोप ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य के सहिया आशा कार्यकर्ता की मांग को सही बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा सहियाओं का अहवेलना करना सरकार की कार्यशैली में भेदभाव को दर्शाती है। सहियाओं की मांग व हड़ताल करना सहियाओं की बाध्यता है। राज्य सरकार जल्द से जल्द सहियाओं की मांग पूरी कर सम्मान दे।