
कतरास (धनबाद)। संस्था “बीइंग काइंड एंड हैप्पी” के सदस्यों ने धारकीरो स्थित महावीर रवानी के आवास के आँगन से दो बेहद जहरीले साँपों — रसेल वाइपर और करैत — का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर वन क्षेत्र में रिलीज़ किया है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. स्वतंत्रत कुमार को सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। विभाग ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एक्सपर्ट एवं सचिव राणा प्रताप सिंह को मौके पर भेजा। सिंह ने विशेषज्ञ टीम के साथ मिलकर दोनों साँपों को सुरक्षित पकड़ा और उन्हें नजदीकी जंगल में छोड़ दिया।
रसेल वाइपर में मुख्यतः हीमोटोक्सिन (रक्त कोषों को प्रभावित करने वाला जहर) तथा करैत में न्यूरोटॉक्सिन (तंत्रिका तंत्र पर प्रभावी जहर) पाया जाता है, जिससे दोनों बेहद खतरनाक माने जाते हैं।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर संस्था के सदस्य शिवम तिवारी, प्रीत तिवारी, राज दुबे, संदीप मंडल और तुषार मंडल भी मौजूद थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता पर राणा प्रताप सिंह ने कहा,
“बरसात के मौसम में साँप अक्सर भोजन की तलाश में घरों में घुस आते हैं। यदि घर के आसपास साफ-सफाई रहे और समय-समय पर फिनाइल, ब्लीचिंग पाउडर, कार्बोलिक एसिड या केरोसिन का छिड़काव किया जाए, तो इनका आना काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही, मच्छरदानी का नियमित उपयोग और सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाकर उपचार कराना चाहिए।”
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।