
बाघमारा : खरखरी बाजार स्थित अमर ज्वेलर्स में रविवार देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर व्यवसायियों को सकते में डाल दिया है । चोरों ने दुकान के पीछे से सेंध लगाकर प्रवेश किया और करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। अपराधियों ने सबूत मिटाने की नीयत से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डिवीआर भी साथ ले गए। दुकान संचालक श्रीकांत वर्मा के कहा कि दुकान में रखे लॉकर को गैस कटर से काटकर उसमें रखे कीमती आभूषणों की चोरी की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। फॉरेंसिक जांच और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस जल्द खुलासे करने का दावा कर रही है।