
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद में रोजगार-सह-ऋण मेला का आयोजन किया गया। मेला में कुल 19 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में कुल 165 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। रोजगार तलाश रहे उम्मीदवारों के लिए अवर प्रादेशिक नियोजनालय एक नई दिशा दिखा रही है, जिसमें अलग-अलग योग्यताधारी रोजगार मेला के जरिए रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। रोजगार-सह-ऋण मेला 2026 में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय द्वारा बैंक ऑफ़ इंडिया , स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया , कैनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक का स्टॉल लगाया गया। इस स्टॉल के माध्यम से बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी उपस्थित युवाओं, अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों को प्रदान की गई। जिसमें गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, शिक्षा ऋण विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाएं, वित्तीय समावेशन से संबंधित उत्पाद एवं सेवाएं तथा बैंक की अन्य जनकल्याणकारी एवं वित्तीय सहायता योजनाएं के बारे मे जानकारी दी गई | कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक (नियोजन) धनबाद पदमा कुमारी ने बताया कि अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद द्वारा समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैम्प का आयोजन कर निबंधित बेरोजगार युवक/युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं । मौके पर पदमा कुमारी, सहायक निदेशक (नियोजन), धनबाद, प्रवीण कुमार, सहायक श्रमायुक्त, धनबाद, राकेश कुमार, प्रभारी प्राचार्य, आईटीआई गोविंदपुर, अरविंद कुमार राकेश, उच्च वर्गीय लिपिक, प्रशान्त गोयल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।