
धनबाद : उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर रविवार को सुबह 8 लेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘धनबाद ट्रायथलॉन – 2026’ का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे ने हरी झंडी दिखाकर किया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, खेल प्रेमियों एवं प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता ‘सड़क सुरक्षा’ की थीम पर आधारित थी, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन और विशेषकर युवाओं को “सुरक्षित सड़कें, स्वस्थ युवा” के संदेश के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं युवाओं ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने को लेकर सड़क सुरक्षा की शपथ ली। इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हर्डल्स करते हुए 8 लेन से साइकिल से विनोद बिहारी महतो चौक होते हुए वापस साइक्लिंग को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मुख्य द्वार पर खत्म करते हुए वहां से दौड़ प्रारंभ कर कॉम्प्लेक्स के अंदर समाप्त किया।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, ट्रैफिक डीएसपी श्री रोहित साव, जिला खेल पदाधिकारी श्री उमेश लोहरा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आलोक मिश्रा समेत सड़क सुरक्षा की टीम एवं ट्रैफिक की टीम मौजूद रहा।
