
बाघमारा : बीसीसीएल ब्लॉक दो क्षेत्र में ड्रैग लाइन मशीन में कार्यरत इलेक्ट्रिकल हेलफर मनोज कुमार महतो एमसीबी स्विच ऑन करते समय फ्लेशिंग के चपेट में आ गए। जिससें उनका दाहिनी हाथ जल गया। अगल बगल कार्य कर रहें कर्मियों ने घटना की जानकारी ब्लॉक दो क्षेत्रीय अधिकारियों को दी। लेकिन आधे घन्टे का समय बीत जाने के बाद भी एम्बुलेंस के साथ कोई भी अधिकारी घटना स्थल ड्रैग लाइन फेस नहीं पहुचे। मजबूर होकर ड्रैग लाइन फेस के कर्मियों ने बाइक मंगवाकर घायल मनोज को बाइक से डुमरा अस्पताल ले जाने लगे। आधे रास्ते में ब्लॉक दो क्षेत्र का वाहन मिलने पर फिर वाहन से मनोज को अस्पताल पहुचाया। अस्पताल के डॉक्टर ने मनोज का फर्स्टएड कर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। वही मनोज को देखने अस्पताल पहुचे जीएम चितरंजन कुमार, पीओ केके सिंह, डी हाजरा को घटना से आक्रोशित कर्मियों के गुस्सा का शिकार होना पड़ा। घटना स्थल पर एम्बुलेंस एवं किसी भी अधिकारी के नहीं पहुचनें एवं सुरक्षा के संसाधन उपलब्ध नहीं कराने को लेकर ड्रैग लाइन फेस के दर्जनों कर्मी अधिकारियों से काफी नाराज थे। पीओ केके सिंह ने कर्मियों को बताया एम्बुलेंस हर समय उपलब्ध रहता है। एम्बुलेंस घटना स्थल पर क्यों नहीं पहुचीं इसको लेकर संबंधित अधिकारी से पूछताछ करेंगे। साथ ही आनेवाले समय में इस तरह की घटना ना हो इसको लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश भी देंगे।
