

अफ़ग़ानिस्तान में रूस के राजदूत दमित्री ज़िर्नोव का मानना है कि अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान और दाएश (इस्लामिक स्टेट) के बीच कभी न ख़त्म होने वाला युद्ध चल रहा है.
रूसी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार दमित्री ज़िर्नोव ने कहा है कि काबुल एयरपोर्ट पर हुए धमाके अमेरिका के बजाय तालिबान के लिए चुनौती हैं.
दमित्री ज़िर्नोव ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, “इस लड़ाई को कोई नतीज़ा नहीं निकलने जा रहा है. अगर काबुल एयरपोर्ट पर हुए हमले के पीछे दाएश का हाथ था तो ये तालिबान के लिए चुनौती है क्योंकि इस समय अफ़ग़ानिस्तान की ज़िम्मेदारी तालिबान ने ले रखी है.”
उन्होंने कहा कि इस हमले से तालिबान की साख को धक्का पहुँचा है. “इसमें कोई शक नहीं कि काबुल एयरपोर्ट के पास जो कुछ हो रहा है, उसके लिए पूरी तरह से तालिबान को ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है लेकिन जो नुक़सान हुआ है वो उनकी छवि को हुआ है. लोग कहेंगे कि तालिबान काबुल में दाखिल हुआ और ये हो गया.”
“जहाँ तक मेरी जानकारी है कि तालिबान ने इस्लामिक स्टेट के दो चरमपंथियों को पकड़ा है. कथित रूप से वे मलेशियाई नागरिक हैं. इसलिए मैं समझता हूं कि वे अपनी कार्रवाई तेज़ करेंगे और दाएश के ख़िलाफ़ कड़ा रुख अपनाएंगे.”
-एजेंसियां