
बाघमारा। कोयला खदान में वर्षों तक सेवा देने वाले बीसीसीएल कर्मी लखीराम महतो (56) की जिंदगी का सफर गुरुवार को थम गया। बरोरा एरिया-1 की एएमपी कोलियरी अंतर्गत मुराईडीह वर्कशॉप में फिटर के पद पर कार्यरत लखीराम की रांची स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, 11 नवंबर को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

कर्मचारी की मौत के बाद शुक्रवार को आश्रित को नौकरी देने की मांग ने जोर पकड़ लिया। परिजन और संयुक्त मोर्चा के नेता शव लेकर जीएम कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि मृतक के पुत्र को तत्काल प्रोविजनल नियोजन दिया जाए।
मामले को लेकर प्रबंधन, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद प्रबंधन ने मृतक के पुत्र प्रमोद महतो को प्रोविजनल नियुक्ति पत्र सौंप दिया। साथ ही अन्य देय राशि का भुगतान करने का भी आश्वासन दिया गया। मांग पूरी होने के बाद परिजन धरने से उठे और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
इस दौरान संतोष गोराई, नर्मदेश्वर पाण्डेय, मंगल हेमब्रम, अमरेंद्र कुमार, देवानंद राजभर, एचएन प्रसाद गांधी, रामस्वरूप मिश्रा, उदय शंकर चौहान, टेकलाल महतो, प्रेमलाल रजवार और नवल किशोर महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे।
प्रबंधन की ओर से प्रभारी परियोजना पदाधिकारी आरके सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) अभिराज शेखर तथा मानव संसाधन विभाग के अजय यादव उपस्थित रहे।