
बाघमारा। सावन के पावन चौथे सोमवारी के लिए बाघमारा क्षेत्र आस्था और श्रद्धा से सराबोर हो उठा। क्षेत्र के तेलमोचो स्थित दामोदर नदी घाट पर रविवार शाम से ही कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने विधिवत गंगाजल भरकर “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा आरंभ की।
कांवर में जल भरकर श्रद्धालु पूरी निष्ठा और भक्ति के साथ चिड़का धाम की ओर प्रस्थान करते देखे गए। संपूर्ण मार्ग श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण में डूबा रहा। भक्तों की टोलियों में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बन गया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि चिड़का धाम में भगवान भोलेनाथ को जलार्पण कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की जाती है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुरादें अवश्य पूरी होती हैं।
इस विशाल धार्मिक आयोजन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के समुचित प्रबंध किए थे। पुलिस बल, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार दल और वालंटियर पूरे मार्ग में तैनात रहे ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।