
बाघमारा। बाघमारा कॉलेज में गुरुवार को “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग और इसके सामाजिक प्रभाव” विषय पर गुरुवार को दो दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों व विशेषज्ञों ने एआई के तकनीकी, सामाजिक और नैतिक पहलुओं पर विचार साझा किए और छात्रों को सतर्कता के साथ तकनीक का उपयोग करने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इससे जहां लाभ हैं, वहीं कई नकारात्मक पहलू भी सामने आ रहे हैं। मशीनों पर पूर्ण निर्भरता किसानों और मेहनतकश मजदूरों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मशीनों का उपयोग समय की मांग है, लेकिन मनुष्य की बुद्धिमत्ता को प्रतिस्थापित करना खतरनाक साबित हो सकता है।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि तकनीक एक उपयोगी औजार है, परंतु अंधाधुंध प्रयोग से युवा पीढ़ी भ्रमित हो सकती है। छात्रों को समझदारी और जागरूकता के साथ इसका उपयोग समाजहित में करना चाहिए।
मुख्य वक्ता, बोकारो महिला कॉलेज के डॉ. एस.एस. पाठक ने कहा कि पहले स्कूलों में ध्यान साधना सिखाई जाती थी, जिससे बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता विकसित होती थी। आज हमें आर्टिफिशियल से अधिक रियलिटी पर जोर देना होगा, तभी संपूर्ण मानसिक और बौद्धिक विकास संभव है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजन कुमार ने कहा कि एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी वीडियो बनाकर नेताओं और सामाजिक व्यक्तियों की छवि धूमिल करना एक बड़ी चुनौती है।
सेमिनार में गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी, शासी निकाय सचिव डॉ. एस.के.एल. दास, आईएसएम धनबाद के डॉ. केतन मिश्रा, बीबीएमकेयू के वित्त प्रबंधक शिव प्रसाद साहू, जैक प्रतिनिधि अरुण कुमार महतो सहित कई शिक्षाविद व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।