विधायक जयराम महतो ने बीसीसीएल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

0
fastlive news

बाघमारा। झारखंड जैसे खनिज संपन्न राज्य में स्थानीय ग्रामीणों का बेरोजगार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जिस भूमि पर पीढ़ियों से कोयला उत्पादन हो रहा है, उसी क्षेत्र के युवा आज रोजगार के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं। उक्त बातें डूमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र अंतर्गत संचालित मधुबन कोल वाशरी के लोडिंग प्वाइंट पर जेएलकेएम पार्टी के बैनर तले चल रहे स्थानीय ग्रामीण युवाओं के अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने कहा कि पूंजीपति और उद्योगपति आज भी अंग्रेजी शासनकाल की नीति पर कंपनियां चला रहे हैं, जिसे विस्थापित और स्थानीय ग्रामीण कभी स्वीकार नहीं करेंगे। विधायक ने संजय उद्योग ट्रांसपोर्टिंग कंपनी, खेमका कैरियर्स आउटसोर्सिंग कंपनी, बीसीसीएल प्रबंधन, सीआईएसएफ सहित धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो पर कोयला चोरी में मिलीभगत का आरोप लगाया।

जयराम महतो ने कहा कि बीसीसीएल द्वारा सीएसआर मद की राशि विस्थापितों और प्रदूषण से प्रभावित ग्रामीणों के स्वास्थ्य व जीवन स्तर सुधार में खर्च होनी चाहिए, लेकिन इसका उपयोग नेताओं को खुश करने में किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चूल्हा जलाने के लिए कोयला उठाने पर महिलाओं पर लाठीचार्ज किया जाता है, जबकि हाइवा वाहनों से खुलेआम कोयला चोरी जारी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक विस्थापित और स्थानीय ग्रामीणों को उनका हक व रोजगार नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। धरना को दीपक रवानी, शक्तिनाथ महतो, पप्पू महतो, रमेश रवानी, विकास कुमार महतो, धनंजय महतो, मुकेश सिंह, डब्लू कुमार महतो सहित कई अन्य ने भी संबोधित किया।

Share.

About Author

Leave A Reply

Translate »
error: Content is protected !!
Latest news