
बाघमारा। कड़ाके की ठंड को देखते हुए सोमवार को लुतिपहाड़ी पंचायत अंतर्गत बाघमारा बस्ती में जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने अपने आवासीय कार्यालय परिसर में ग्रामीण महिला-पुरुषों के बीच 300 कंबल वितरित किए। इस कार्यक्रम में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण यादव भी मौजूद रहे। कंबल वितरण के दौरान विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने कहा कि ठंड के कारण किसी भी गरीब परिवार को कठिनाई न हो, इसे लेकर प्रखंड स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी जरूरतमंदों के बीच सहायता कार्यक्रम जारी रहेगा। वहीं बीडीओ लक्ष्मण यादव ने बताया कि प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों की पहचान कर सामाजिक सुरक्षा के तहत समय पर मदद उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा मधुबन कोल वाशरी के खानुडीह लोडिंग प्वाइंट पर दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक शत्रुघ्न महतो ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जयराम महतो अपनी ही विधानसभा क्षेत्र की जनता का भरोसा खो चुके हैं, इसी कारण वे अब दूसरे क्षेत्रों में आकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास आते हैं और समाधान भी किया जाता है। शत्रुघ्न महतो ने जयराम महतो के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी कथनी और करनी में भारी अंतर है और ऐसे बयान हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे भ्रामक बयानों से सावधान रहें। कार्यक्रम में पंचायत सचिव सुभाष राम, बैजनाथ प्रसाद, बंटी हरि, विपिन ठक्कर, अमित लाला, शंभू महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।