
बाघमारा। नेहरू नगर आवासीय कॉलोनी और हरिना बस्ती तक जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पर गंदे पानी बहाने की समस्या को लेकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। बाजार के दुकानदारों ने बांस और बल्ली लगाकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया और सड़क पर बैठकर नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। दुकानदारों का कहना था कि लंबे समय से गंदा पानी सड़क मार्ग पर बह रहा है, जिससे बाजार में दुर्गंध और गंदगी फैल गई है। बार-बार शिकायत के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। दूषित पानी के कारण आम लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर बहते पानी से फिसलन बनी रहती है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।

निरिक्षण करते सीओ
दुकानदारों के अनुसार बदबू और गंदगी के कारण ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं, जिससे उनके रोज़गार पर सीधा असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालात बिगड़ते देख बुधवार को सभी दुकानदार एकजुट हुए और मार्ग जाम कर विरोध दर्ज कराया।
सूचना मिलने पर बाघमारा अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कू बुधवार करीब साढ़े बारह बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन स्थल का जायजा लिया और सड़क पर गंदा पानी छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान कर उससे पूछताछ की। अंचल अधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर नाली का पानी बहाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर गंदे पानी के निस्तारण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की चेतावनी दी। अंचल अधिकारी ने दुकानदारों को यह भी आश्वासन दिया कि सड़क के किनारे नाली निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस समस्या की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासनिक आश्वासन के बाद दुकानदारों ने बांस-बल्ली हटाकर मार्ग को पुनः चालू कर दिया।
हालांकि व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।