
धनबाद । बीसीसीएल एरिया-10 के अंतर्गत संचालित सुशी माइंस (देव प्रभा आउटसोर्सिंग) में कोयला चोरी की कोशिश को सीआईएसएफ ने समय रहते विफल कर दिया। सुरक्षा बल की कार्रवाई में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे असामाजिक तत्वों की चार मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोग कोयला चोरी के इरादे से माइंस क्षेत्र में घुस आए थे। गश्ती के दौरान सीआईएसएफ के जवानों की नजर पड़ते ही आरोपित मौके से भाग निकले। हालांकि, जल्दबाजी में वे अपनी चार बाइक वहीं छोड़ गए, जिन्हें सीआईएसएफ ने कब्जे में ले लिया।
बाद में जब्त सभी मोटरसाइकिलों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए लोदना ओपी के हवाले कर दिया गया। मामले में पुलिस और संबंधित एजेंसियां आगे की जांच में जुटी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए माइंस क्षेत्रों में निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।