
बाघमारा। बाघमारा प्रखंड के निचितपुर पंचायत सचिवालय के पीछे स्थापित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार रात चोरों ने चोरी कर लिया। हैरत की बात यह है कि चोर पूरे ट्रांसफार्मर को ही अपने साथ ले गए। रविवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर ट्रांसफार्मर स्थल पर पड़ी तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत सचिवालय के पीछे लगा यह ट्रांसफार्मर आसपास के कई घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली आपूर्ति करता था। ट्रांसफार्मर चोरी होने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग तथा अन्य दैनिक कार्यों में भी दिक्कतें हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग एवं स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस भी ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाने में जुट गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल की जाएगी ताकि उन्हें राहत मिल सके।