
धनबाद : सदर थाना क्षेत्र के बिशनपुर स्थित राजवार बस्ती में गुटखा और पान मसाला के एक गोदाम पर फूड सेफ्टी विभाग ने कार्रवाई की है। जांच के लिए पहुंची टीम ने गोदाम को सील कर दिया है । गोदाम संचालक के मौके पर नहीं पहुंचने और ताला नहीं खुलवाने के बाद टीम ने यह कार्रवाई की। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह बिशनपुर इलाके में गुटखा लदे एक कंटेनर में आग लग गई। इस घटना में कंटेनर का चालक झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान विभागीय टीम को बिशनपुर राजवार बस्ती में एक गोदाम की जानकारी मिली जहां पान मसाला और गुटखा रखे जाने की सूचना मिली । इसके बाद फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा के नेतृत्व में टीम गोदाम पर पहुंची। जांच टीम ने गोदाम संचालक सचिन चौरसिया को मौके पर बुलाया लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं विभागीय कार्रवाई होता देख गोदाम संचालक ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। काफी देर बाद जब संचालक ने गोदाम नहीं खुला तो अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। फूड सेफ्टी अधिकारी ए. राजा ने बताया कि आग की घटना में क्षतिग्रस्त कंटेनर से पान मसाला का सैंपल लिया गया है। सैंपल को सदर थाना में सुरक्षित रखा गया है । जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है ।