
बाघमारा (धनबाद)। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप शुक्रवार को अचानक हुए भू-धंसान ने पूरे इलाके को दहला दिया। देखते ही देखते जमीन का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे आसपास के कई घर प्रभावित हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धंसान की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकलने लगे। कुछ लोग मलबे और क्षतिग्रस्त घरों में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और निजी नर्सिंग होम भेजा गया। भू-धंसान से कई मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इलाके के अनेक घरों में दरारें पड़ने की भी सूचना है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। आशंका के कारण कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र घनी आबादी वाला है और बड़ी संख्या में परिवार इस घटना की चपेट में आए हैं। घटना के बाद लोगों के सामने आवास, भोजन और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन और संबंधित विभागों से तत्काल राहत शिविर लगाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने, क्षति का आकलन कराने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान और प्रभावित लोगों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। विस्तृत रिपोर्ट और सर्वेक्षण का इंतजार किया जा रहा है।