
कतरास : बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार अहले सुबह दिल दहलाने वाले
भू-धंसान की घटना से इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना की स्थिति को देख कर आसपास रहने वाले लोगों में भय समाया हुआ है। इस विनाशकारी भू धंसान की चपेट में आने से गुड्डू भुइयां के 9 वर्षीय पुत्र की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सैकड़ो लोग घटना स्थल पर पहुंचे और अपने सामर्थ्य के अनुसार लोगों की जान एवं सामानों की बचाव में जुट गए।
भू-धंसान की घटना इतनी भयंकर थी कि घटना स्थल के पास लगा बिजली का तार और बड़ा पीपल का पेड़ करीब 10 फीट नीचे समा गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि जमीन के नीचे की स्थिति काफी खतरनाक है। भू धंसान और मौत की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-करकेंद मुख्य मार्ग को सिजुआ दस नंबर मोड़ के पास जाम कर दिया हैं।
मृतक के परिजनों को मुआवजा और मोहल्ले वालों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने ने की मांग स्थानीय ग्रामीण कर रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों के साथ साथ यूनियन प्रतिनिधि और कई जन प्रतिनिधि ने इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। लोग इस घटना का मुख्य कारण अवैध कोयला खनन के कारण क्षेत्र बता रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है ।


