
बाघमारा । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बाघमारा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बाघमारा थाना प्रभारी श्री अजीत कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की उपलब्धता तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छठ घाट समितियों के सदस्यों से बातचीत कर आवश्यक सुझाव दिए तथा सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
इस दौरान थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पूजा के दौरान सावधानी बरतें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह भी किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं जवान भी मौजूद थे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।