
बाघमारा। जिंदगी भर अपनी कला के रंगों से दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले चित्रकार अनूप जी मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। सोमवार को उनके निधन की खबर से हरिणा बस्ती समेत पुरे बाघमारा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों एवं परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार भावुक माहौल में संपन्न हुआ। अंतिम विदाई के वक्त हर आंख नम थी।

मूल रूप से कतरास निवासी अनूप जी ने अपना संपूर्ण जीवन बाघमारा क्षेत्र में बिताया। वह थर्ड जेंडर समुदाय से जुड़े थे, लेकिन उन्होंने अपनी अलग पहचान अपनी चित्रकारी की कला और स्वाभिमानी व्यक्तित्व से बनाई। हरिणा बस्ती स्थित गौरी धाम के समीप सामुदायिक भवन उनका आशियाना था। उन्होंने कभी किसी के सामने हाथ नहीं फैलाया, बल्कि अपनी कला और मेहनत के दम पर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत किया।

उनके निधन के बाद दिल्ली एवं मुरादाबाद से उनकी भगिनी पूजा एवं पल्लवी चन्द्रा अपने मामा को अंतिम विदाई देने हरिणा पहुंचीं। उनके साथ भगिनी के पति राजीव कुमार एवं पुनीत कुमार भी मौजूद रहे। अपनों को अंतिम विदाई देने पहुंचे परिजनों की आंखों में गहरा दुख था।
इस कठिन समय में हरिणा बस्ती के ग्रामीणों ने पारिवारिक अपनापन निभाया। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भोला रवानी ने आगे बढ़कर सहयोग किया। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखने से लेकर अंतिम संस्कार तक की पूरी व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सैकड़ों ग्रामीणों ने एक परिवार की तरह साथ खड़े होकर उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी।
दिल्ली एवं मुरादाबाद से लंबी दूरी तय कर मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचीं भगिनी एवं उनके परिवार के प्रति मुखिया प्रतिनिधि भोला रवानी और ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया।
अनूप जी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कला, सादगी और स्वाभिमान की जिंदगी लोगों की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेगी। दूसरों की तस्वीरों में रंग भरने वाले इस कलाकार की विदाई ने हरिणा बस्ती को भावुक कर दिया।