
बाघमारा : थाना क्षेत्र के बड़ा पांडेडीह निवासी अजय पांडे के आवास में बुधवार की रात्रि अपराधियो के एक दल ने धावा बोलकर करीब 05 लाख कि सम्पत्ति लूट ली। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने रात्रि 01.30 बजे के आसपास घर के मुख्य दरवाज़ा में लगे ताले को तोड़कर घर मे प्रवेश किया तथा घर के नीचे वाले कमरे में सो रही अजय पांडे की माता संगीता देवी को हथियार का भय दिखाकर वहाँ आलमारी में रखा 05 अंगूठी, एक सोने का चेन, 10 चांदी के सिक्के, 03 जोड़ी कान बाली, चांदी का पायल तथा 90 हज़ार नगद लूट लिया। इसके बाद अपराधी ऊपर कमरे में सो रही अजय पांडे की पत्नी किरन पांडे को हथियार का भय दिखाकर आलमारी से एक सोना का अंगूठी, सोने का चेन, दो जोड़ी कान बाली, एक स्मार्ट फोन एवं 30 हज़ार नगद लूट लिया। लूट की घटना को अन्जाम देकर अपराधी घर की चादर दिवारी फांदकर भाग निकले। गृहस्वामी अजय पांडे के अनुसार सभी अपराधी मास्क से अपना मुंह ढके हुए थे। अपराधी खोरठा तथा मगहिया भाषा मे बात कर रहे थे। लूट की घटना की सूचना मिलने पर बाघमारा पुलिस मौके पर पहुची तथा घटना की छानबीन की। सूचना पाकर तोपचांची अंचल निरीक्षक रामप्यारे राम भी घटना स्थल पहुँचे। पुलिस गम्भीरता से इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियो की तह तक जाने के लिए जांच में जुट गई है।