
धनबाद : जल शक्ति अभियान को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल शक्ति अभियान के सफल संचालन को लेकर जल संरक्षण, जल संचयन, अमृत सरोवर आदि के क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह ने योजना पर नवीनतम प्रगति और जल शक्ति अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन पर विभिन्न विभागों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन करना, गणना, भू-टैगिंग और सभी की सूची बनाना, इसके आधार पर जल संरक्षण की वैज्ञानिक योजना तैयार करना, सभी जिलों में जल शक्ति केन्द्रों की स्थापना करना, सघन वनीकरण करना और जागरुकता सृजन करना है। ‘जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन’ के तहत जिसमें स्प्रिंग शेड प्रबंधन, जलग्रहण क्षेत्रों की सुरक्षा और ‘अमृत सरोवर’ का निर्माण/नवीकरण शामिल है।
बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि राहुल शर्मा, संयुक्त सचिव, आयुष मंत्रालय का जल शक्ति अभियान के लिए धनबाद जिला में आगमन होना है। जिसको लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने अपने प्रखंड के जलाशयों से संबंधित डाटा उपलब्ध कराने को निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में जल संचयन से संबंधित भित्ति चित्रण (wall painting) कराकर प्रचार-प्रसार करने की भी बात कही गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री विकास पालीवाल, जिला योजना पदाधिकारी श्री महेश भगत, नगर निगम, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, लघु सिंचाई प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या एक एवं दो, कई अन्य विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।