
बाघमारा : बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर के जंगल में शुक्रवार को आदिवासी टोला निवासी 25 वर्षीय सतेन्द्र सोरेन नामक युवक का शव संदेहास्पद स्थिति में एक पेड़ में पीले रंग के गमछे के सहारे लटका हुआ पाया गया। गमछे का एक छोर पेड़ से बंधा था वही दूसरा छोर सतेंद्र के गर्दन से बंधा हुआ था। मामले की जानकारी मिलने पर बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू, तोपचांची इंस्पेक्टर राजकपूर एवं बाघमारा थाना प्रभारी सूबेदार कुमार यादव गोपालपुर जंगल स्थित घटना स्थल पहुचें। बाघमारा पुलिस ने सतेंद्र के शव को पंचनामा कर जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। शव को देखने से प्रतीत होता हैं कि घटना दो-तीन दिन पहले हुई होगी। बाघमारा पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक सतेंद्र के परिजनों एवं आसपास के लोगों को थाना बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सतेंद्र तीन दिनों से लापता था। वही गोपालपुर आदिवासी टोला के लोग घटना से सहमे हुए हैं। कई लोग घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़ कर भी देख रहे हैं। हालांकि बाघमारा पुलिस सभी बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही हैं। बाघमारा पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकता है कि सतेंद्र की मौत कैसे हुई हैं।
