
धनबाद : उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार को शहर में संचालित कई मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने सदर अस्पताल, कोहिनूर मैदान, बरटांड बस स्टैंड सहित कईं जगहों का निरीक्षण कर केंद्र में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता, साफ सफाई, सिटिंग व्यवस्था तथा वितरण प्रणाली का जायजा लिया। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जन उपयोगी बनाने के उद्देश्य से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। इसके लिए भोजन की पौष्टिकता एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की संचालक को हिदायत दी। उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की आम नागरिकों को एक सम्मानजनक और स्वच्छ माहौल में भोजन उपलब्ध कराने की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को रियायती दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार व अन्य लोग मौजूद थे।