
बाघमारा : बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही का एक नमूना रविवार की देर रात्रि को देखने को मिला। बताया जाता है ब्लॉक दो के एबीओसीपी माइंस में हैवी ब्लास्टिंग से वहां स्थित 521 नंबर का रशियन रोप हैवी शावेल मशीन भारी पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रबंधन को उक्त हैवी मशीन की अनदेखी कर हैवी ब्लास्टिंग करना महंगा साबित हुआ। इस घटना से उक्त शावेल मशीन का ए सी, शीशा एवं फील्ड स्विच आदि क्षतिग्रस्त होने की खबर है। कुल मिलाकर लाखो रुपये की क्षति का अनुमान है। इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है। इस दुर्घटना के लिए प्रबंधन को जिम्मेवार माना जा रहा है। इस दुर्घटना को लेकर सोमवार के दिन कोयला भवन से मुख्य सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र कुमार एवं सोमेन राय ब्लॉक दो पहुँचे तथा क्षतिग्रस्त मशीन का जायजा लिया। बताया जाता है हेवी ब्लास्टिंग के समय शावेल मशीन को अगर वहां से हटाकर दूर रखा जाता तो संभव था कि मशीन को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सकता था। परंतु इसे जरूरी नहीं समझा गया। जिस कारण दुर्घटना को बल मिला। विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। मालूम हो रविवार के दिन बीसीसीएल के निदेशक तकनीकी चंचल गोस्वामी ने ब्लॉक दो के विभिन्न परियोजनाओं का दौरा कर उत्पादन इत्यादि कार्यो का जायजा लिया था।