
बाघमारा : कतरास कोयलांचल के लोगो को नव वर्ष 2024 के आरंभ होने के एक सप्ताह बाद ही पुनः डीसी ट्रेन की सौगात मिलेगी। धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन पर बंद डीसी ट्रेन का परिचालन नव वर्ष में फिर से शुरू हो जायेगा। उक्त बातें बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने बुधवार को कतरास स्टेशन पर प्रेस वार्ता कर मीडिया को कही। उन्होनें कहा कि 10 जनवरी 2024 से धनबाद चंद्रपुरा डीसी ट्रेन का परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा। उन्होनें जानकारी देते हुए आगे कहा कि रेल मंत्रालय से धनबाद में अप्रुवल आ चुका है। विधायक ने कहा कि डीसी ट्रेन चालू होने से धनबाद कोयलांचल से रांची जाने आने वाले आम से लेकर खास तक के लोगो को राहत मिलेगी। मालूम हो कि कई वर्ष पूर्व ही 15 जून 2017 को डीसी रेल लाइन को बंद कर दिया गया था। जो फरवरी 2019 से रेल लाइन पुनः चालू हुआ। लेकिन कोरोना आने के बाद से ही फिर से डीसी ट्रैन का परिचालन बंद हो गया ।