
बाघमारा । डुमरा कतरास सड़कमार्ग पर मुराईडीह खोदो नदी के समीप गुरुवार शाम चार बजे अज्ञात हाइवा गाड़ी की चपेट में आने से डुमरा दीवान टोला निवासी मनपुरण सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अभय सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अभय अपने रिश्तेदार आलोक सिंह एवं दोस्त आकाश तिवारी के साथ बाइक पर डुमरा से कतरास की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मुराईडीह खोदो नदी के समीप सड़कमार्ग पर अभय की बाइक विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ़्तार हाइवा गाड़ी के चपेट में आ गई। जिससे सड़क पर गिरें अभय का सर हाइवा के चक्के के नीचें दबने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वही बाइक सवार आकाश सड़क से बाहर गिरने से बाल बाल बच गए। हालांकि घटना में आकाश भी आंशिक रूप से घायल हो गए। वही घटना के बाद चालक हाइवा समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुचीं बरोरा पुलिस ने आकाश को इलाज के लिए डुमरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने इलाज कर आकाश को रिलीज कर दिया।

मृतक अभय का फाइल फोटो
घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन एवं काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पहुंचे। मृतक के शव को देखकर परिजन चीत्कार मार रोने लगे। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग को लेकर दो घंटे तक सड़क जाम कर दिया। स्थानीय प्रशासन द्वारा उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को मृतक के शव को सड़क से उठाने दिया। पुलिस ने अभय के शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए कब्जे लेते हुए क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले गई।