
धनबाद। झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला शाखा धनबाद का जिला अधिवेशन रविवार को धनबाद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, गोपालगंज (निरसा) में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से आए शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की और संगठन की नई जिला कार्यकारी समिति का चुनाव किया।
कार्यक्रम में संघ के महासचिव रविंद्र प्रसाद सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत है।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि और संघ के संरक्षक के रूप में निरसा विधानसभा के विधायक अरुप चटर्जी मौजूद थे। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना की और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारी समिति का चुनाव किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने की शपथ ली।
अधिवेशन में अन्य सदस्यों में किशोर कुमार सिंह, तारक नाथ मिश्रा, सुरेश मंडल, शंभु साव, रोहित कुमार, ब्रजेश झा, दीपक दा, अरविंद यादव आदि शामिल रहे। अंत में नीलकमल खवास ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।