
बाघमारा: मंगलवार की सुबह सिजुआ दस नंबर मोड़ के समीप जब लोग गहरी नींद में थे, उसी वक्त धरती ने ऐसी करवट ली कि कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। तड़के करीब 4:30 बजे अचानक जमीन धंसने लगी और देखते ही देखते करीब 250 फीट के दायरे में पांच आवास सामान सहित जमींदोज हो गए। कुछ पल पहले जिन घरों में जिंदगी सांस ले रही थी, वहां देखते ही देखते मलबा और मातम पसरा गया।
सबसे दर्दनाक तस्वीर एक ही परिवार की रही। परिवार के पांच सदस्य नींद की हालत में जमीन में समा गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर राहत-बचाव शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। हादसे में 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की मौत की खबर से पूरे इलाके में मातम छा गया।
मौके पर पहुंचे विधायक, सीएमडी और डीएसपी से की बात
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से जानकारी ली। विधायक ने मौके से ही बीसीसीएल के सीएमडी और बाघमारा डीएसपी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायल युवती को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने की मांग की।
सड़क पर टायर जलाकर जताया आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाने और भू-धंसान की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
घटना के बाद सिजुआ क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। आसपास रहने वाले लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस, प्रशासन और बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुटी है।