
रांची : सीबीआई की विशेष अदालत ने देवघर कोषागार से अनियमित निकासी के मामले में आज राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को साढ़े तीन वर्ष की सजा और पांच लाख रूपये का आर्थिक दंड सुनाया है, आर्थिक दंड नहीं दिए जाने की स्थिति में छह महीने के अतिरिक्त कारावास का प्रावधान है, इसके अलावा भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 13 के अन्तर्गत उन्हें साढ़े तीन वर्ष और पांच लाख रूपये दंड की सजा सुनायी गयी है, सीबीआई की विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह ने पिछले 23 दिसम्बर को चारा घोटाले के इस मामले में लालू प्रसाद यादव समेत 16 अभियुक्तों को दोषी करार दिया था, अदालत ने कल इन मामलों में सजा की अवधि पर सुनवाई पूरी की, न्यायाधीश ने इस मामले में सबसे अधिक सात वर्ष की सजा और दस लाख रूपये का जुर्माना जगदीश शर्मा को सुनाया है, इसके अलावा घोटाले के एक अन्य दोषी आर.के. राणा को साढ़े तीन वर्ष की सजा और पांच लाख रूपये का जुर्माना सुनाया गया है, देवघर कोषागार से अवैध निकासी के संबंध में तीन पूर्व नौकरशाहों बेक जूलियस, फूलचंद सिंह और महेश प्रसाद को साढ़े तीन वर्ष और पांच लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है, भ्रष्टाचार निरोधक कानून के अन्तर्गत भी इन नौकरशाहों को इतनी ही सजा सुनायी गयी है, एक अन्य नौकरशाह को साढ़े तीन वर्ष और पांच लाख रूपये आर्थिक दंड की सजा दी गयी है, शेष 09 आपूर्त्तिकर्ताओं को साढ़े तीन वर्ष से सात वर्ष तक और पांच से दस लाख रूपये तक के जुर्माने की सजा सुनायी गयी है, प्राप्त जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद यादव को तीन वर्ष से अधिक की सजा होने के कारण सीबीआई की विशेष अदालत से फिलहाल जमानत नहीं मिल सकेगी इसके लिए उन्हें उच्च न्यायालय में अपील करनी होगी|