
रांची : मोरहाबादी मैदान में चल रहा राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव 2018 देशभर से आए कारीगरों एवं कलाकारों की कला को प्रोत्साहित कर रहा है, इस मेले के माध्यम से लोगों को पूरे देश की कला संस्कृति एक जगह देखने को मिल रही है, खादी मेले का आनन्द उठाने के लिए लोग राज्य के दूर-दराज के इलाकों से आ रहे है.
राष्ट्रीय खादी एवं सरस मेला वह प्लेटफार्म है जहां लघु भारत का दर्शन होता है, सम्पूर्ण भारत के कारीगर, हस्तशिल्पी, स्वंय सहायता समूह इस जगह पर अपने हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन करते है, राष्ट्रीय खादी एवं सरस मेले में नव वर्ष के अवसर पर महिला आगन्तुकों की सबसे अधिक भीड़ साड़ी और घर के सजावट के सामान और घरेलू आइटम के स्टॉल पर रही, लोग पूरे हर्षोल्लास के साथ मेले का आनन्द उठा रहे हैं.
मेला परिसर में सभी प्रमुख बैंकों ने अपना स्टॉल लगाया है, अग्रणी बैंकों में एस.बी.आई. केनरा बैंक, युनियन बैंक, इलाहाबाद बैंक, झारखण्ड राज्य सहकारी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, एच.डी.एफ.सी. बैंक है, इन बैंकों ने मेला परिसर में ग्राहकों की सहायता के लिए ग्राहक सहायता डेस्क की स्थापना की है, ये बैंक अपने ग्राहकों के लिये मौके पर ही नये खाता खोलने एवं खाते की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा प्रदान कर रहे हैं एवं बैंकों की योजना की सम्पूर्ण जानकारी प्रदान करने की व्यवस्था की है.