

गोवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हेमंत विस्वा सरमा ने टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीन बोरगोहेन को डीएसपी (DSP) बनने का ऑफर दिया है। सीएम ने इसके साथ ही कहा है कि वो मुक्केबाज के नाम पर सड़क भी बनवाएंगे। इतना ही नहीं, लवलीना के नाम पर उनके होम टाउन में एक स्टेडियम भी बनाया जाएगा। सीएम हेमंत विस्वा सरमा ने कहा कि लवलीना के कोच को 10 लाख रुपये दिया जाएगा।
सेमीफाइनल में हार गई थीं लवलीना
22 वर्षीय महिला मुक्केबाज लवलीना को सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन तुर्की की बुसेनाज सुरमेनेली के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में पहली बार ओलंपिक खेल रही लवलीना ने पूरा जोर लगाया लेकिन बुसेनाज के खिलाफ ज्यादा कुछ नहीं कर पाईं। भारतीय मुक्केबाज को 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
असम की पहली एथलीट
लवलीना भले ही फाइनल में पहुंचने से चूक गईं, बावजूद इसके वह इतिहास रचने में सफल रहीं। वह अब ओलंपिक इतिहास में पदक जीतने वाली भारत की दूसरी महिला मुक्केबाज बनीं। यही नहीं वह 125 साल के ओलंपिक इतिहास में असम की पहली एथलीट हैं, जिन्होंने पदक जीता है।
– एजेंसी