
बाघमारा : सरस्वती शिशु विधा मंदिर बाघमारा में सोमवार को कोविड-19 रोधी टीकाकरण शिविर का शुभारंभ पुष्पार्चन व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय में 15 से 18 वर्ष की आयु के भैया-बहनों को कोविड-19 रोधी वैक्सीन दिया गया। इस टीकाकरण शिविर में सीएचसी बाघमारा अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनीष कुमार ने भैया बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह टीका आप लोगों को बिल्कुल सही वक्त पर दिया जा रहा है। इस समय आपको इसकी अत्यधिक आवश्यकता है।
आप लोग समाज के सामने अपना उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक कर सकते हैं ताकि हम अपने देश से इस कोरोना वायरस की महामारी को दूर भगा सकें। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि जिन लोगों ने अभी तक टीका नहीं लगवाया है, वह सीएचसी बाघमारा अस्पताल में आकर अवश्य टीका लगवाएं। वहां प्रतिदिन यह टीकाकरण शिविर चल रहा है।सरस्वती शिशु विधा मंदिर बाघमारा में 322 भैया बहनों ने टीका लगवाया। मौके पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव विजय शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धनबाद जिला के जिला संघचालक विशु रवानी, प्राचार्य संतोष कुमार झा, प्रभारी आचार्य संजय सिंह व आचार्य उपस्थित थे।

