
धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। एनएच-32 पर छरदारडीह स्थित मूसा पहाड़ी पुल के समीप गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बलियापुर के खरियो निचितपुरा-2 निवासी 52 वर्षीय महावीर महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि महावीर महतो अपनी बेटी के साथ बलियापुर रेलवे परीक्षा दिलाने जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने अवैध बालू परिवहन और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए एनएच-32 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर दिन-रात सड़कों पर दौड़ते रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक अवैध कारोबार की कीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी।
सूचना पर कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि मृतक के परिजन और ग्रामीण दोषी ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, अवैध बालू कारोबार पर सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े है।