
धनबाद। बलियापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन हो रही वारदातों से स्थानीय बाजार के दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है। ताजा मामले में बुधवार देर रात आमटाल और उससे सटे इलाकों में अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने बुधवार रात के समय दुकानों के शटर और ताले को नुकसान पहुंचाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी नकदी समेत जरूरी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तब चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ितों ने तत्काल बलियापुर थाना में इसकी सूचना दी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग और व्यापारी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त की कमी के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की है।
इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।