
धनबाद। पुटकी थाना क्षेत्र के चरुड़ीह स्थित विनोद इंडियन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल भराने पहुंचे एक स्कॉर्पियो वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि पुटकी ओल्ड डीवीसी निवासी विकास कुमार सिंह अपनी स्कॉर्पियो JH10BG 9380 में ईंधन भरवा रहे थे। धुआं उठता देख पंप कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तुरंत पंप से बाहर निकलवाया। परिसर से बाहर आते ही स्कॉर्पियो में आग लग गई।
घटना की सूचना पुटकी थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पंप स्टाफ और पानी टैंकर की सहायता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से पंप और आसपास मौजूद लोगों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह वाहन में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।