
बाघमारा। बीसीसीएल के ब्लॉक टू क्षेत्र अंतर्गत मधुबन कोल वाशरी के खानूडीह स्थित लोडिंग प्वाइंट पर आजसू पार्टी के बैनर तले स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरना के साथ ही वाशरी से जुड़े कोयला परिवहन कार्य को पूरी तरह ठप कर दिया गया है।
धरना का नेतृत्व कर रहे आजसू के जिला सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने आरोप लगाया कि मधुबन कोल वाशरी से क्षेत्र में लगातार प्रदूषण फैल रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वाशरी निर्माण के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जमीन दी, लेकिन इसके बावजूद ब्लॉक टू क्षेत्रीय प्रबंधन और वाशरी प्रबंधन द्वारा यहां संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है।
सुभाष रवानी ने इसे ग्रामीण युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि जब तक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की जाती और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक धरना और चक्का जाम आंदोलन जारी रहेगा।
धरना में मुखिया प्रतिनिधि गोपाल महतो, खानू महतो, राजेश महतो, शंकर महतो, महावीर लोहार, अशोक महतो, मनोज महतो, किशुन महतो, मुकेश कुमार, पांडव लोहार, पंकज कुमार, अरुण कुमार, अजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और आजसू कार्यकर्ता मौजूद रहे।