
बाघमारा। बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के अंतर्गत बेनीडीह लिंक साइडिंग में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे एक हाइवा में अचानक आग लग गई। यह हाइवा आउटसोर्सिंग कंपनी के अधीन संचालित था और साइडिंग में कोयले की ढुलाई के कार्य में लगा हुआ था। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। घटना के समय हाइवा चालक वाहन में ही मौजूद था, लेकिन धुआं और आग की लपटें दिखते ही उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। चालक के सुरक्षित बच जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। आग की भयावहता के कारण आसपास मौजूद अन्य वाहन चालकों और मजदूरों में अफरा तफरी मच गई और कुछ समय के लिए कोयला ढुलाई का कार्य भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों और कर्मियों के अनुसार, संबंधित हाइवा काफी दिनों से जर्जर हालत में था और उसमें तकनीकी खराबियां बनी हुई थी। इसके बावजूद वाहन का संचालन किया जा रहा था। आग लगने के बाद साइडिंग में आग बुझाने की कोई प्रभावी व्यवस्था मौजूद नहीं होने से आग तेजी से फैलती चली गई और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने पर बीसीसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह नष्ट हो चुका था। आग बुझने के बाद साइडिंग परिसर में धुएं का गुबार देर तक छाया रहा। लोग द्वारा अनुमान जताया जा रहा है की शॉर्ट सर्किट की वजह से हाइवा में आग लगी हो। इस घटना के बाद साइडिंग में सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय कर्मियों और मजदूर संगठनों ने मांग की है कि खराब और असुरक्षित वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा साइडिंग में स्थायी अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।