
धनबाद : उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गोविंदपुर के कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) तथा स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कुपोषण उपचार केंद्र की विस्तृत जांच की और केन्द्र के कर्मियों को प्रत्येक बच्चे की सही तरीके से डाटा एंट्री करने का निर्देश दिया। उन्होंने डाटा एंट्री करते समय हर कॉलम में बच्चे से संबंधित जानकारी अंकित करने का आदेश कर्मियों को दिया। इसके अलावा बच्चों को मिलने वाले पोष्टिक खुराक की नियमित जांच कर इससे संबंधित कागजात भी लगवाने की बात कही। जांच के दौरान उन्होंने बच्चों के वजन एवं ऊंचाई के अनुसार ग्राफिक प्रेजेंटेशन बनाने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने पूरे स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज के साथ सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विश्वेश्वर के अलावा कर्मी मौजूद थे।