
धनबाद : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग धंसने की घटना के बाद गुरुवार सुबह से ही धंसे हुए हिस्से से गैस का रिसाव काफी मात्रा में जारी है,। जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। आस पास के लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से डरे सहमे हुए हैं। केंदुआडीह बस्ती में जहां सड़क धंसी थी वहां से लगातार गैस तो निकल ही रहा है आसपास की जमीन भी धीरे-धीरे धंसती जा रही है। प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। फिलहाल सड़क पहले की तुलना में कई फीट और नीचे धंस चुकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीएल की टीम मौके पर कैंप कर गैस की मात्रा माप रही है। इस घटना को देखते हुए केंदुआडीह बस्ती, ऊपर धोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी गैस जांच का काम तेज कर दिया है। ताकि समय रहते खतरे का आकलन किया जा सके। प्रशासन और बीसीसीएल की टीमे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में भय और अनिश्चितता का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।