
बाघमारा। कतरास थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ स्थित आकाश किनारी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार होने के मामले में कतरास पुलिस ने जांच के क्रम में संदेह के आधार पर विकास रवानी और मिलन रवानी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि वारदात को उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झरिया क्षेत्र से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में मकान मालिक राजेंद्र राम ने कतरास थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी दो की तलाश जारी है। उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।