
बाघमारा: अवैध कोयले के खिलाफ चल रहे अभियान में रविवार की सुबह बड़ी कार्रवाई सामने आई। बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के निको फिटर ब्रेकर के पास सीआईएसएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक मिनी हाईवा में लदे भारी मात्रा में अवैध कोयले को जब्त किया। इस दौरान मौके से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में बीसीसीएल एरिया-3 गोविंदपुर प्रबंधन, सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने भी सख्ती दिखाई। सुबह करीब आठ बजे क्षेत्र भ्रमण के दौरान सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम और आसूचना शाखा के जवानों ने हायर्ड पैच माइंस इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा बोरियों में भरकर रखा गया अवैध कोयला देखा। तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद बीसीसीएल प्रबंधन से लॉजिस्टिक सहयोग लिया गया। सहयोग मिलने के बाद टीम ने छापेमारी कर कोयले को जब्त किया और हायर्ड पैच कोल डंप में क्षेत्रीय प्रबंधन को सौंप दिया। अवैध खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी है।