
बाघमारा : कोयला ट्रांसपोर्टिंग में बरती जा रही अनियमितताओं के विरोध में नावागढ़ में गुरुवार को ग्रामीण आंदोलन पर उतरे। ग्रामीणों ने महेशपुर कोलियरी से सिनीडीह, महेशपुर, नावागढ़ व फुलारीटांड़ होते हुए मधुबन वाशरी ले जा रहे कोयला लदे हाइवा वाहनों को रोक कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मुख्य मांगो में हाइवा को तिरपाल से ढकने, गति सीमा नियंत्रित, सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव तथा मंगलवार को साप्ताहिक हटिया के दिन कोयला ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बंद रखने की मांग थी। सड़क जाम के दौरान ही मधुबन थाना परिसर में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के प्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई । पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों की चारों प्रमुख मांगों के समाधान का लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।