
बाघमारा। बरोरा चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार की शाम दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान फायरिंग होने की भी सूचना है, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं। हालांकि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए थे।