
धनबाद : : श्रावणी मेला में कांवरियों की सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष सहायता अभियान चलाया गया। इस अभियान में रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान रेलवे कर्मियों ने कांवरियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान की जानकारी, टिकट संबंधी मार्गदर्शन और स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के बारे में विशेष जानकारी दी। रेलवे अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने, कतारबद्ध होकर यात्रा करने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान सतर्क रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल रेलवे कर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी । रेलवे अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धनबाद स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.।