
धनबाद : जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में सोमवार को पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ । इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, प्लस 2 उच्च विद्यालय यादवपुर तथा प्लस 2 उच्च विद्यालय नगरकियारी का दौरा कर पौधारोपण किया तथा स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने सभी प्रभारी प्राचार्य को निर्देश दिया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए वे विद्यालयों की संपूर्ण रूप से साफ-सफाई रखें। उपायुक्त ने कहा कि इस हरित पहल और निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य धनबाद जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वतंत्रता दिवस से पूर्व विद्यालयों में स्वच्छ व शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है। इसे सफल बनाने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक रूप से वृक्षारोपण की शपथ लिए। सभी ने प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाना तथा उसकी पूर्ण देखभाल करने, हरित धनबाद एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।