
बाघमारा । बरोरा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में बिजली और नाली को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और छिनतई का आरोप लगाते हुए बरोरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घायलों की मेडिकल जांच कराकर इंज्यूरी रिपोर्ट की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बरोरा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों तरफ के लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।